फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी स्थित श्री वाल्मीकि मंदिर में आदिकवि महर्षि एवं सृष्टिकर्ता भगवान वाल्मीकि जी का प्रकट दिवस श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आदि वाल्मीकि मंदिर प्रबंधक सेवा ट्रस्ट (रजि. संख्या 10644) की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत 25 अक्टूबर को भव्य सत्संग और 26 अक्टूबर को शोभायात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में भारत अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और भगवान वाल्मीकि जी की ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजकों ने भारत अरोड़ा का स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने समाज के लोगों द्वारा दिए गए सम्मान और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
भगवान वाल्मीकि के विचार आज भी प्रासंगिक : भारत अरोड़ा
भारत अरोड़ा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि केवल वाल्मीकि समाज के ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानव समाज के पथप्रदर्शक हैं। रामायण के माध्यम से उन्होंने सत्य, ज्ञान, करुणा और समानता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज का इतिहास त्याग, तपस्या और देशभक्ति की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के बुजुर्गों, गणमान्य लोगों और मंदिर प्रबंधक सेवा ट्रस्ट के सदस्यों से मिला स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि वह भविष्य में भी समाज के सुख-दुःख में उनके साथ खड़े रहेंगे।
कार्यक्रम के माध्यम से भगवान वाल्मीकि जी के आदर्शों, शिक्षाओं और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।।
Comments
Post a Comment