डीएवी शताब्दी कॉलेज, फरीदाबाद ने संचार न्यूज़ वेब पोर्टल के साथ इंटर्नशिप व कौशल विकास हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए


 डीएवी शताब्दी कॉलेज, फरीदाबाद के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने संचार न्यूज़ वेब पोर्टल के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसका उद्देश्य उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करना और छात्रों के लिए बेहतर शिक्षण अवसर उपलब्ध कराना है।  


इस साझेदारी के तहत बीएजेएमसी के छात्रों को रिपोर्टिंग, एंकरिंग और सोशल मीडिया विज्ञापन जैसे क्षेत्रों में इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे। छात्र उद्योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में न्यूनतम 120 घंटे का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर छात्रों को इंटर्नशिप प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।  


इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने कहा,”यह समझौता ज्ञापन कक्षा की पढ़ाई और उद्योग की जरूरतों के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”बीएजेएमसी विभागाध्यक्ष  रचना कसाना ने कहा, “संचार न्यूज़ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ व्यावहारिक अनुभव छात्रों को मीडिया की वास्तविक कार्यप्रणाली से अवगत कराएगा।”संचार न्यूज़ की निदेशक मानसी अरोड़ा ने कहा, “हम युवा प्रतिभाओं को सही मंच देकर उन्हें सीखने, रिपोर्ट करने और प्रभावी कंटेंट बनाने के लिए प्रोत्साहित करने को प्रतिबद्ध हैं।”


यह साझेदारी छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान देने, रोजगार कौशल बढ़ाने और मीडिया क्षेत्र में करियर के लिए तैयार करने की दोनों संस्थानों की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Comments