किडनी रोग उपचार में नई दवा पर विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव




फरीदाबाद, 23 मई। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 86 स्थित एकॉर्ड अस्पताल की ओर से किडनी रोगों के उपचार में उभरती नई चिकित्सा तकनीकों और दवाओं को लेकर शुक्रवार शाम एक होटल में  विशेष वैज्ञानिक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नेफ्रोलॉजिस्ट और चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लेकर किडनी रोगियों के उपचार में नई संभावनाओं पर चर्चा की।

सेमिनार की अध्यक्षता अस्पताल चेयरमैन डॉ. जितेंद्र कुमार ने की। इस दौरान विशेषज्ञों ने किडनी रोग और उससे जुड़ी जटिलताओं के इलाज में नई दवा की उपयोगिता, प्रभाव और मरीजों को मिलने वाले लाभों पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते डायबिटीज व हाई ब्लड प्रेशर के मामलों के कारण किडनी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में आधुनिक दवाओं और समय पर उपचार से मरीजों की स्थिति में बेहतर सुधार संभव है।

वरिष्ठ नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. वीके उपाध्याय ने किडनी रोड के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, उपचार पद्धतियों और रोगियों की देखभाल को लेकर विशेषज्ञों के साथ अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों के बीच सवाल-जवाब का सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न चिकित्सा पहलुओं पर चर्चा की गई।

डॉ. जितेंद्र ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य चिकित्सकों को नई चिकित्सा तकनीकों और उपचार विकल्पों से अपडेट रखना है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कार्यक्रम में शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Comments