लिंग्याज विद्यापीठ में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित


फरीदाबाद। लिंग्याज विद्यापीठ में अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डॉ. योगेश चौधरी, मुख्य परिचालन अधिकारी  प्रेम कुमार सलवान, रजिस्ट्रार डॉ. सीमा बुशरा तथा प्रो वीसी रिसर्च प्रो. डॉ. ब्रजेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कुलपति मेजर जनरल  डॉ. योगेश चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जहां भी जाएं, विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें और समाज  के लिए प्रेरणा बनें।

वहीं प्रो वीसी रिसर्च प्रो. डॉ. ब्रजेश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने, नवाचार अपनाने और अपने करियर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। “बेस्ट एकेडमिक एक्सीलेंस अवॉर्ड” एसओसीएम की छात्रा लक्ष्मी मिश्रा तथा सीएसई के छात्र अंश राणा को प्रदान किया गया।

“मोस्ट कंसिस्टेंट परफॉर्मर अवॉर्ड” एग्रीकल्चर की छात्रा दिव्यानी पटनायक, एसओसीएम की छात्रा ख्याति अरोड़ा तथा धीरज गोस्वामी को दिया गया। वहीं “एक्सीलेंस इन प्रोफेशनल कंडक्ट एंड एटीकेट” अवॉर्ड साइकोलॉजी की छात्रा विभूति पाटवाल को प्रदान किया गया।

“बेस्ट होलिस्टिक स्टूडेंट अवॉर्ड” सीएसई के छात्र आकाश शर्मा तथा फार्मेसी की छात्रा प्रिया सरकार को मिला। “आउटस्टैंडिंग स्टूडेंट ऑर्गेनाइजर अवॉर्ड” सीएसई के छात्र मयंक निनोमिया एवं फार्मेसी की छात्रा इप्शिता को प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में “स्टूडेंट ऑफ द ईयर” का सम्मान सीएसई के छात्र जतिन प्रताप सिंह तथा एजुकेशन विभाग की छात्रा सृष्टि को दिया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम में डांस, सिंगिंग और लाइव बैंड परफॉर्मेंस ने सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और समारोह यादगार बन गया। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।

Comments