फरीदाबाद/दिल्ली। अखिल भारतीय हिंदू परिषद द्वारा संगठन के विस्तार को गति देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के तहत श्री श्री महंत योगी राजकुमार नाथ एवं संत महात्मा दिव्य आत्मानंद पुरी जी महाराज को हरियाणा धर्माचार्य परिषद का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति फरीदाबाद स्थित परमसंत नंगली दिव्य धाम आश्रम में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान संपन्न हुई। कार्यक्रम में संतों को विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महंत योगी राजकुमार नाथ ने कहा कि संत महात्मा दिव्य आत्मानंद पुरी जी के नेतृत्व में हरियाणा में धर्माचार्य परिषद को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में संगठन धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
नवनियुक्त प्रदेश सचिव दिव्य आत्मानंद पुरी जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि वे सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और समाज में समरसता स्थापित करने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने जन-जन तक संगठन की पहुंच बढ़ाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संत श्री योगेंद्र गिरि महाराज सहित अन्य संतों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस नियुक्ति पर हर्ष व्यक्त किया।

Comments
Post a Comment