भाजपा ने बनाया पूरे शहर को कूड़ाघर : हरेंद्र भाटी

भाजपा ने बनाया पूरे शहर को कूड़ाघर : हरेंद्र भाटी

सेक्टर-21ए में कूड़ा घर बनाने के विरोध में आप जिलाध्यक्ष ने लोगों के साथ किया प्रदर्शन 


फरीदाबाद। शहर के पॉश एरिया सेक्टर-21ए में प्रशासन द्वारा कूड़ा घर बनाने को लेकर लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि इस कूड़े में आग लगा दी जाती है और पूरा दिन बदबू फैलती रहती है, जिसके चलते लोग विभिन्न प्रकार की बीमारियों का शिकार हो रहे है। इस मुद्दे को लेकर आज आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष हरेंद्र भाटी के साथ सोसायटी की रेजिडेंस, स्कूली बच्चों और गणमान्य लोगों ने अपना विरोध दर्ज करवाया और इस कूड़े घर को यहां से हटाने की मांग की।


हरेंद्र भाटी ने कहा कि स्मार्ट सिटी का क्या यह स्वरूप है कि सेक्टरों व साफ जगहों पर कूड़ा घर बनाया जाए, भाजपा सरकार ने पूरे फरीदाबाद को गंदा कर रखा है, जहां देखो वही कूड़ा नजर आता है, कहीं भी सफाई नहीं दिखती क्या इसलिए लोगों ने सरकार को सत्ता सौंपी थी। श्री भाटी ने कहा कि आज फरीदाबाद विश्व के सबसे प्रदूषित शहरों की श्रेणी में शुमार हो गया है और यह भाजपाईयों के लिए शर्म की बात है, जो स्मार्ट सिटी का राग अलापते है, जबकि सच्चाई यह है कि यह शहर देश का सबसे गंदा शहर बन चुका है। हरेंद्र भाटी ने कहा कि जहां यह कूड़ाघर बनाया जा रहा है वहीं सामने एक स्कूल भी है, जहां पढऩे आने वाले बच्चों को पूरा दिन बदबू सहन करनी पड़ती है और इससे वह बीमार भी हो रहे है। भाटी ने कहा कि सरकार व प्रशासन को लोगों की कतई चिंता नहीं है, इसलिए वह इस मामले में चुप है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से मांग की कि इस कूड़े घर को आबादी से दूर बनवाया जाए ताकि करोड़ों-अरबों रूपए खर्च करके यहां आशियाना बनाने वाले लोग साफ सुथरी जिंदगी जी सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी सरकार की ईट से ईट बजाने का काम करेगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से मन्नू नरूला, रमन ग्रोवर, आरके जैन, आईपी लालिजा, आरडब्ल्यू सेक्टर-21 के पूर्व प्रधान नेहरा जी, लोकसभा उपाध्यक्ष संतोष यादव, ब्लाक प्रधान भूपेद्र नागर, ब्लाक प्रधान चंदरपाल, ओबीसी जिला उपाध्यक्ष देवराज गौड़, अनिल शर्मा, यूथ जिला उपाध्यक्ष रिंकू सिलानी, जिला उपाध्यक्ष जोगेंद्र चंदीला आदि मौजूद थे।

Comments